पत्रकारिता क्या है? समाचार क्या है? संपादन क्या है? अभिव्यक्ति और माध्यम Class 11th हिंदी साहित्य एवं हिंदी अनिवार्य CBSE RBSE NCERT Syllabus

 

★ पत्रकारिता क्या है? (सामान्य परिचय)

• जिज्ञासा और मनुष्य: हम सब इंसान हैं और हमारे अंदर यह जानने की हमेशा इच्छा रहती है कि हमारे आस-पास या दुनिया में क्या चल रहा है। जब हम किसी से मिलते हैं, तो सबसे पहले पूछते हैं— "क्या हाल-चाल है?" या "क्या नया समाचार है?"

• पत्रकारिता का जन्म: लोगों की इसी ताजा जानकारी पाने की इच्छा (जिज्ञासा) को शांत करने के लिए ही पत्रकारिता का जन्म हुआ है।

• अर्थ: 'जर्नालिज्म' (Journalism) शब्द का हिंदी अनुवाद पत्रकारिता है। देश-दुनिया में जो कुछ घट रहा है, उसकी जानकारी हमें अखबार, टीवी या इंटरनेट जैसे समाचार माध्यमों से मिलती है।

• मैथ्यू अर्नाल्ड की परिभाषा: उनके अनुसार, "पत्रकारिता जल्दी में लिखा गया साहित्य है।" यानी पत्रकार देश-दुनिया की घटनाओं को तुरंत इकट्ठा करके जनता के सामने रखते हैं।

★ समाचार क्या है?

कोई भी ऐसी ताजा घटना, विचार या समस्या जिससे बहुत सारे लोगों का भला जुड़ा हो या जो लोगों को प्रभावित करे, उसे समाचार कहते हैं।

• सरल शब्दों में: जो सूचना आपको उत्साहित करे, समय पर मिले, या किसी घटना की सही रिपोर्ट हो, वही समाचार है। समाचार किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि समाज के लाखों पाठकों और दर्शकों के लिए होता है।

★. समाचार के 10 प्रमुख तत्त्व (विशेषताएँ)

कोई भी आम बात तब 'बड़ी खबर' (समाचार) बनती है, जब उसमें ये 10 बातें होती हैं:

1. नवीनता (ताजा होना): खबर जितनी नहीं (New) होगी, उसकी 'न्यूज़' उतनी ही ज्यादा बनेगी। पुरानी बात को कोई नहीं पढ़ता, घटना एकदम ताजा होनी चाहिए।

2. निकटता (पास की घटना): लोग अपने मोहल्ले, शहर, राज्य या देश की खबरों में ज्यादा दिलचस्पी लेते हैं। अगर कोई घटना आपके करीब हुई है, तो वह आपके लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है।

3. प्रभाव (असर): घटना का असर कितने लोगों पर पड़ रहा है? जैसे—अगर किसी फैसले से सिर्फ 2 लोग प्रभावित हों तो वह छोटी बात है, लेकिन अगर उससे 1 लाख लोग प्रभावित हों तो वह बहुत बड़ी खबर बन जाती है।

4. जनरुचि (लोगों की पसंद): जनता क्या जानना चाहती है? जिस विषय को पढ़ने या देखने में लोगों की बहुत ज्यादा रुचि हो, वह खबर बन जाती है।

5. टकराव या संघर्ष (लड़ाई-झगड़ा): इंसानों की फितरत होती है कि वे विवाद, चुनावी टक्कर, या लड़ाई-झगड़े की खबरों को बहुत चाव से देखते हैं, क्योंकि इनका असर सीधा आम आदमी के जीवन पर पड़ता है।

6. महत्त्वपूर्ण लोग (VIPs): मशहूर हस्तियों (जैसे प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, बड़े अभिनेता) से जुड़ी हर छोटी बात भी खबर बन जाती है (जैसे—प्रधानमंत्री को जुकाम भी हो जाए तो वह हेडलाइन बन जाती है)।

7. उपयोगी जानकारियाँ: ऐसी बातें जो हमारे रोजमर्रा के काम आती हैं; जैसे— "कल स्कूल बंद रहेंगे" या "इस इलाके में कल बिजली कटेगी"। ऐसी सूचनाओं से लोगों का सीधा फायदा जुड़ा होता है।

8. अनोखापन (अजीबोगरीब घटना): कोई ऐसी घटना जो कभी-कभार ही होती है (जैसे कोई बहुत ही विचित्र बच्चा पैदा होना)। हालांकि अखबारों को ऐसी खबरें छापते समय यह ध्यान रखना चाहिए कि समाज में अंधविश्वास न फैले।

9. पाठक वर्ग: अखबार या चैनल यह देखते हैं कि उनके पाठक कौन हैं (जैसे युवा, व्यापारी या महिलाएं)। वे अपने पाठकों की पसंद के हिसाब से ही खबरें चुनते हैं।

10. नीतिगत ढाँचा (सम्पादकीय नीति): हर समाचार चैनल या अखबार की अपनी कुछ नीतियां और उसूल होते हैं, जिन्हें उसके मालिक या संपादक तय करते हैं। खबरों का चुनाव करते समय इस नीति का पूरा ध्यान रखा जाता है।

★ सम्पादन और उसके 5 सिद्धांत (आदर्श)

• सम्पादन का मतलब: रिपोर्टर द्वारा भेजी गई खबर में से भाषा, व्याकरण, वर्तनी (स्पेलिंग) और तथ्यों की गलतियों को सुधारकर उसे पढ़ने लायक बनाना तथा यह तय करना कि उस खबर को अखबार में कहाँ और कितनी जगह दी जाएगी, सम्पादन कहलाता है। यह काम उपसम्पादक (Sub-editor) करता है।

• सम्पादन के 5 मुख्य सिद्धांत:

1. तथ्यों की शुद्धता (Accuracy): खबर में दी गई हर बात सौ प्रतिशत सच और प्रामाणिक होनी चाहिए। कोई भी झूठी बात नहीं छपनी चाहिए।

2. वस्तुपरकता (Objectivity): पत्रकार अपनी तरफ से कोई निजी भावना या राय न थोपे, बल्कि सच को जैसा है वैसा ही निष्पक्ष होकर दिखाए।

3. निष्पक्षता (Fairness): पत्रकार किसी एक पार्टी या व्यक्ति का पक्ष न लेकर पूरी तरह निष्पक्ष (Neutral) रहे।

4. संतुलन (Balance): अगर किसी विवाद या लड़ाई में दो पक्ष हैं, तो खबर में दोनों पक्षों की बात को बराबर जगह मिलनी चाहिए ताकि किसी के साथ अन्याय न लगे।

5. स्रोत (Sourcing): खबर कहाँ से मिली है (जैसे पुलिस की रिपोर्ट, सरकार का बयान आदि), उसका प्रमाण या स्रोत खबर में होना जरूरी है, तभी लोग उस पर भरोसा करेंगे।

5. पत्रकार की 4 बैसाखियाँ (सहारा)

मुश्किल या असमंजस के समय एक अच्छे पत्रकार को सही रास्ता दिखाने वाली ये 4 चीजें उसकी 'बैसाखी' कहलाती हैं:

1. सच्चाई या विश्वसनीयता (हमेशा सच के साथ रहना)

2. संतुलन (हर स्थिति में तालमेल रखना)

3. निष्पक्षता (बिना पक्षपात के काम करना)

4. स्पष्टता (खबर ऐसी हो जो बिलकुल साफ हो, मन में कोई भ्रम न पैदा करे)

★ पत्रकारिता के अन्य आयाम (रूप)

अखबार या मीडिया को पूरा बनाने वाली ये मुख्य चीजें हैं:

• सम्पादकीय: अखबार का वह खास पन्ना जहाँ संपादक अपने विचार, देश के हालात पर लेख और आम लोगों की चिट्ठियाँ छापते हैं।

• फोटो पत्रकारिता: सिर्फ शब्दों से नहीं, बल्कि असरदार तस्वीरों (Photos) के जरिए बड़ी बात को समझाना।

• कार्टून कोना: हंसाते-हंसाते सरकार या व्यवस्था पर तीखा तंज (व्यंग्य) कसना।

• रेखांकन और ग्राफ: क्रिकेट के स्कोर या शेयर बाजार (सेंसेक्स) के आंकड़ों को ग्राफ या चार्ट के जरिए आसान बनाकर दिखाना।

Z

★ पत्रकारिता के प्रमुख प्रकार

1. खोजपरक पत्रकारिता (Investigative): जब पत्रकार किसी छुपे हुए घोटाले या भ्रष्टाचार की गहराई से छानबीन करके सच को सबके सामने लाते हैं (जैसे—'स्टिंग ऑपरेशन')।

2. विशेषीकृत पत्रकारिता: जब किसी खास विषय (जैसे कानून, सिनेमा, खेल, या बिजनेस) पर पूरी रिसर्च करके उसकी गहरी जानकारी दी जाती है।

3. वॉचडॉग पत्रकारिता: लोकतंत्र में मीडिया का काम एक 'कुत्ते' (वॉचडॉग) की तरह पहरा देना है। सरकार या प्रशासन कहीं भी गड़बड़ी करे, तो मीडिया तुरंत उसका पर्दाफाश करे।

4. एडवोकेसी (पक्षधर) पत्रकारिता: जब कोई मीडिया हाउस किसी खास मुद्दे या विचारधारा का समर्थन करने के लिए जनता को जोड़ने का अभियान चलाता है।

5. वैकल्पिक पत्रकारिता: जो मीडिया बड़ी कंपनियों और सरकार के साथ चलने के बजाय, मुख्यधारा से हटकर आम जनता के पैसों और सहयोग से स्वतंत्र रूप से चलाई जाती है।

★ समाचार माध्यमों में मौजूदा रुझान और समस्याएँ

• व्यापारीकरण: आज के समय में पत्रकारिता सेवा न रहकर एक 'व्यापार' बन गई है। मीडिया हाउसों का मुख्य मकसद सिर्फ मुनाफा (पैसा) कमाना रह गया है।

• मनोरंजन बनाम सूचना: गंभीर और जरूरी खबरों की जगह चैनलों पर सनसनीखेज खबरें और सिर्फ मनोरंजन परोसा जा रहा है।

• पीत पत्रकारिता (Yellow Journalism): टीआरपी बढ़ाने के लिए झूठी, मसालेदार और डरावनी खबरें दिखाना।

• नुकसान: आज हर चैनल सबसे आगे निकलने की होड़ में है, जिससे खबरों की विविधता खत्म हो रही है और लोकतंत्र के लिए एक बड़ा संकट पैदा हो रहा है। इससे मीडिया की इज्जत (साख) भी घट रही है।

★ पत्रकारिता का महत्त्व

• यह हमें देश-दुनिया की पल-पल की खबरें देती है।

• आम जनता को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जागरूक करती है।

• युवाओं को रोजगार के नए अवसर खोजने में मदद करती है।

• समाज में राष्ट्रीय एकता और चेतना जगाती है।

• देश की समस्याओं से जनता को जोड़ती है और इंसानियत तथा भलाई के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती है।


Comments

Popular posts from this blog

तोड़ो कविता रघुवीर सहाय अंतरा Class 12th सरल व्याख्या Todo Kavita Raghuvir Sahay Class 12th Antara NCERT CBSE RBSE

बादल को घिरते देखा है नागार्जुन Class 11th सरल व्याख्या अंतरा हिंदी साहित्य Badal Ko Ghirte Dekha Hai Nagarjun

आलो-आँधारि बेबी हालदार कक्षा 11 Class 11th Aalo-Aandhari NCERT CBSE RBSE Hindi