बारहमासा मालिक मुहम्मद जायसी Class 12th अंतरा Barahmasa Class 12 Hindi Antra NCERT RBSE CBSE
प्रथम पद (1) “बारहमासा” ( मालिक मुहम्मद जायसी Class 12th अंतरा )
••यह पद महाकवि मलिक मोहम्मद जायसी द्वारा रचित प्रसिद्ध सूफी काव्य ‘पद्मावत’ के ‘नागमती वियोग खंड’ से लिया गया है।
प्रस्तावना--- इस पद में जायसी ने अगहन (मार्गशीर्ष) के महीने में नागमती की विरह-दशा का अत्यंत मार्मिक और सजीव चित्रण किया है। भारतीय बारहमासा वर्णन के अंतर्गत अगहन माह से सर्दियों की शुरुआत होती है, जिसमें दिन छोटे और रातें लंबी हो जाती हैं। पति (रत्नसेन) के बिना रानी नागमती के लिए लंबी काली रातें काटना दूभर हो जाता है। प्रकृति में ठंड और उल्लास का माहौल है, लोग नए वस्त्र बना रहे हैं, परंतु विरह में जली नागमती के लिए यह मौसम और भी पीड़ादायक बन गया है। अंत में वह भौंरे और कौवे के माध्यम से अपने प्रियतम तक अपना विरह संदेश भेजती है।
★अगहन देवस घटा निसि बाढ़ी। दूभर दुख सो जाइ किमि काढ़ी।। --- अगहन का महीना आते ही दिन छोटे होने लगे हैं और रातें लंबी होने लगी हैं। पति के बिना यह लंबी रातें और विरह का दुख इतना भारी (दूभर) हो गया है कि इसे कैसे काटा/सहा जाए?
★अब धनि देवस बिरह भा राती। जरै बिरह ज्यों दीपक बाती ।।-- अब इस स्त्री (नागमती) के लिए दिन भी विरह की रात जैसा अंधकारमय और कष्टदायी हो गया है। वह विरह की अग्नि में दीपक की बाती की तरह घुट-घुट कर जल रही है।
उत्प्रेक्षा अलंकार (सबसे प्रमुख) पंक्ति: “जरै बिरह ज्यों दीपक बाती”
→ यहाँ विरह में जलती हुई नागमती की तुलना दीपक की बाती से करते हुए ‘ज्यों’ शब्द का प्रयोग किया गया है (जहाँ उपमेय में उपमान की संभावना व्यक्त की जाए)।
★काँपा हिया जनावा सीऊ। तौ पै जाइ होइ सँग पीऊ ।।-- ठंड (शीत) आ गई है और नागमती का हृदय कांप रहा है। और यह शीत/ठंड तभी दूर हो सकती है या फिर सही जा सकती है, यदि मेरे प्रियतम (पति)मेरे साथ में हों।मेरे पास हो।
★घर घर चीर रचा सब काहूँ। मोर रूप रँग लै गा नाहू ।। -- ठंड से बचने और उत्सव मनाने के लिए घर-घर में सब लोग नए-नए सुंदर वस्त्र (चीर) बनवा और सजा रहे हैं। परंतु मेरा रंग रूप, सौंदर्य तो मेरे स्वामी (पति) अपने साथ ही ले गए है।
★पलटि न बहुरा गा जो बिछोई। अबहूँ फिरै फिरै रँग सोई।। -- जो मेरा प्रियतम नझे छोड़ कर गया है, वह लौटकर वापस नहीं आया। यदि वह अब भी वापस लौट आए, तो मेरा वही पुराना रूप-रंग और जीवन का आनंद फिर से वापस आ सकता है,मैं भी बाकी स्त्रियों की तरह शृंगार कर सकती हूं।उनके बिना मुझे सजना सवरना अच्छा नहीं लगता।जब से वे गए है तब से में सजना सवरना भूल चुकी हूं।
★सियरि अगिनि बिरहिनि हिय जारा। सुलगि सुलगि दगधै भै छारा ।। -- जायसी कहते हैं कि अगहन के महीने में जो शीतल (ठंडी) हवा चल रही है, वह विरहणी नागमती के लिए आग (सियरि अगिनि) बन गई है। प्रकृति का यह नियम है कि शीतलता आग को बुझाती है, लेकिन नागमती के मामले में यह ठंडी हवा उसके हृदय को और अधिक जला रही है। वह इस ‘ठंडी आग’ में किसी कोयले या उपले की तरह सुलग-सुलग कर अंदर ही अंदर दग्ध (जल) रही है और जलते-जलते अब पूरी तरह राख (छार) बन चुकी है। अर्थात्, जो ठंडक दूसरों को सुख देती है, वही जाड़ा विरह की स्थिति में नागमती के लिए जलाने वाली आग का काम कर रहा है (यहाँ शीत को ही अग्नि रूप मान लिया गया है)।
**विरोधाभास अलंकार: पंक्ति के पहले दो शब्दों ‘सियरि अगिनि’ (शीतल/ठंडी आग) में विरोधाभास अलंकार है। आग कभी ठंडी नहीं हो सकती, इसलिए ठंडी और आग दो विपरीत बातों को एक साथ रखने के कारण यहाँ विरोधाभास अलंकार ही सबसे प्रमुख और सही है।
**पुनरुक्तिप्रकाश अलंकार: ‘सुलगि सुलगि’
★यह दुख दगध न जानै कंतू। जोबन जनम करै भसमंतू ।।-- विरह की इस दहन/आग का दुख मेरा प्रियतम(कंतू) नहीं जानता। यह विरह की अग्नि मेरे यौवन और पूरे जीवन को जलाकर भस्म (राख) कर रही है।
★पिय सौं कहेहु सँदेसड़ा, ऐ भँवरा ऐ काग। -- नागमती पंक्षियों से गुहार लगाती है कि हे भौंरे! हे कौवे! तुम जाकर मेरे प्रियतम से मेरा यह संदेश कहना कि -
★ सो धनि बिरहें जरि मुई, तेहिक धुआँ हम लाग।। -- कि तुम्हारी वह पत्नी (नागमती) तुम्हारे विरह की आग में जल रही है, और जो जलने का जो काला धुआँ उठा है, उसी से हे कौवे और भंवरे तेरा और मेरा रंग भी काला हो गया है। (अतिशयोक्ति अलंकार)
°°काव्य-विशेष:
भाषा: अवधी भाषा (ठेट देहाती अवधी)
छंद: चौपाई (शुरुआती 6 पंक्तियाँ) और दोहा (अंतिम 2 पंक्तियाँ)
रस: वियोग श्रृंगार रस (अत्यंत मार्मिक अभिव्यक्ति)
द्वितीय पद (2) “बारहमासा” ( मालिक मुहम्मद जायसी Class 12th अंतरा )
प्रस्तावना--- अगहन के बाद पूस (पौष) महीने में शीत ऋतु अपने चरमोत्कर्ष पर होती है। इस समय पड़ने वाली अत्यधिक ठंड से आम जनजीवन तो प्रभावित होता ही है, लेकिन पति से बिछुड़ी हुई नागमती के लिए यह ठंड किसी काल से कम नहीं है। जायसी ने यहाँ दिखाया है कि कैसे प्रकृति की ठंडक और सूर्य का दक्षिणायन होना भी नागमती की विरह-वेदना को बढ़ा देता है। नागमती शरीर से क्षीण (कमजोर) होती जा रही है और पक्षियों (चकवी, कोयल, सारस) के प्रतीकों के माध्यम से अपनी विरह-यातना व्यक्त कर रही है।
★पूस जाड़ थरथर तन काँपा। सुरुज जड़ाइ लंक दिसि तापा ।।--- पूस महीने की कड़ाके की ठंड से शरीर थर-थर कांप रहा है। मानो स्वयं सूर्य को भी ठंड (जाड़ा) लग गई है, इसलिए वह धूप सेकने (गर्मी पाने) के लिए लंका (दक्षिण दिशा) की ओर चला गया है। (सूर्य के दक्षिणायन होने का सुंदर काव्य-चित्रण)।
★बिरह बाढ़ि भा दारुन सीऊ। कैपि कँपि मरौं लेहि हरि जीऊ ।।-- आगे नग़मती कहती है कि सूर्य के दक्षिण चले जाने से यहाँ ठंड अत्यधिक भीषण (दारुण) हो गई है और दूसरी तरफ मेरी विरह की व्यथा भी बढ़ गई है। मैं ठंड और विरह के मारे कांप-कांप कर मरी जा रही हूँ, ऐसा लगता है जैसे यह ठंड मेरा जीव (प्राण) ही हर लेगी।
(पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार)
★कंत कहाँ हौं लागौं हियरै। पंथ अपार सूझ नहिं नियरें।।-- : हे स्वामी (कंत)! आप कहाँ हैं? मैं आपके हृदय से कैसे लगूँ? आपके पास तक पहुँचने का रास्ता अपार (बहुत लंबा) है और दूर-दूर तक मुझे आप निकट (पास) आते दिखाई नहीं दे रहे हैं। यदि आप मुझे हृदय से लगा लो तो मेरी ठंड दूर हो जाएगी।
★सौर सुपेती आवै जूड़ी। जानहुँ सेज हिवंचल बूढ़ी ।। -- इस सर्दी में ओढ़ने वाली रज़ाई (सौर) और सफ़ेद चादर (सुपेती) भी मुझे ठंडी लग रही है और कंपकंपी (जूड़ी) छूटा रही है। ऐसा प्रतीत होता है मानो मेरी बिस्तर/सेज हिमालय की बर्फ़ में डूब गई हो।
(उत्प्रेक्षा अलंकार)
★चकई निसि बिछुरै दिन मिला। हौं निसि बासर बिरह कोकिला।। -- जिस प्रकार चकवी पक्षी रात के समय अपने प्रिय (चकवे) से बिछड़ जाती है, लेकिन सुबह (दिन) होते ही वह फिर से अपने प्रिय से मिल जाती है। उसका दुख केवल रात भर का होता है। लेकिन मैं (नागमती) ऐसी अभागिन हूँ, जिसका अपने प्रिय से मिलन का कोई दिन नहीं आता। मैं तो रात और दिन (निसि बासर) चौबीसों घंटे विरह की आग में कोयल की तरह जलते हुए तड़प रही हूँ।
★रैनि अकेलि साथ नहिं सखी। कैसें जिऔं बिछोही पैखी ।। -- रात बिल्कुल अकेली है कोई मेरे पास नहीं है ना प्रियतम ना मेरी कोई सखी अभी यहांहै जो मेरा दुख बाँट सके। मैं अपने प्रियतम रूपी पक्षी (पैखी) से बिछड़कर मैं अकेली कैसे जीवित रहूँ?
★बिरह सचान भँवै तन चाँड़ा। जीयत खाइ मुएँ नहिं छाँड़ा ।। --- विरह रूपी बाज (सचान) पक्षी मेरे शरीर के ऊपर मँडरा रहा है और इसे अपना शिकार बनाना चाहता है। यह विरह-रूपी बाज जीते-जी तो मुझे खा ही रहा है, मरने के बाद भी मुझे नहीं छोड़ेगा। अर्थात् मरने के बाद भी यह विरह रूपी बाज मेरी आत्मा को सताएगा।
••रूपक अलंकार
“बिरह सचान भँवै तन चाँड़ा” ___---कारण: यहाँ ‘विरह’ पर ‘बाज’ (सचान) पक्षी का और ‘शरीर’ (तन) पर ‘चारे/शिकार’ (चाँड़ा) का प्रत्यक्ष आरोप किया गया है।
★रकत ढरा माँसू गरा, हाड़ भए सब संख। ---: आगे नागमती कहती है कि अत्यधिक विरह और दुख के कारण मेरा सारा रक्त अश्रुओं के रूप में ढल कर बह गया है, मांस गल गया है और शरीर की हड्डियाँ सूखकर शंख की तरह सफ़ेद और खोखली हो गई हैं।
रकत ढरा माँसू गरा, हाड़ भए सब संख।“ कारण:__--- विरह-वेदना में शरीर का रक्त बह जाना, मांस गल जाना और हड्डियों का शंख जैसा हो जाना अत्यधिक बढ़ा-चढ़ाकर (अतिशयोक्तिपूर्ण) प्रस्तुत किया गया है।
★ धनि सारस होइ ररि मुई, आइ समेटहु पंख ।। --- हे प्रियतम तुम्हारी यह स्त्री (नागमती) उस प्रकार में रही है जिस प्रकार सारस पक्षी जोड़ा बिछड़ने पर कूक-कूक कर (ररि-ररि) मर जाता है। हे स्वामी! अब तो आकर इसके बिखरे हुए पंखों (अंतिम अवशेषों) को समेट लो। और लौट आओ।
भाषा और काव्य-शिल्प
भाषा: शुद्ध एवं ठेत अवधी (पूर्वी हिंदी)। जायसी ने लोक-बोली के सहज शब्दों (जैसे: जूड़ी, सीऊ, चाँड़ा, ररि, पैखी) का सटीक प्रयोग किया है।
शैली: प्रबंध काव्य के अंतर्गत बारहमासा (विरह-वर्णन) शैली।
छंद: कड़वक शैली — 7 चौपाई छंदों के बाद 1 दोहा (अंतिम दो पंक्तियाँ)।
रस: वियोग श्रृंगार रस (करुण और मार्मिक अनुभूति)।
गुण: प्रसाद एवं माधुर्य गुण (भावों में तरलता और सरलता)।
शब्द-शक्ति: लक्षणा और व्यंजना शब्द-शक्ति
तृतीय पद (3) “बारहमासा” ( मालिक मुहम्मद जायसी Class 12th अंतरा )
प्रस्तावना--- पूस की हाड़-कँपाने वाली ठंड के बाद जब माघ का महीना आता है, तो पाला (बर्फ़ की बारीक बूंदें/तुषारपात) गिरने लगता है। इस महीने में प्रकृति में बसंत की आहट होने लगती है, पेड़-पौधों में रस का संचार होने लगता है और कामभावना जागृत होती है। परंतु नागमती के लिए यह मौसम विरह की अग्नि को और भड़का देता है। कड़ाके की ठंड में बारिश (माहवट) होने से उसके आँसू और ठंड का दुख दोगुना हो जाता है। पति के बिना वह इतनी दुर्बल हो गई है कि हवा का झोंका भी उसे उड़ा देने के लिए तत्पर दिखता है।
★लागेउ माँह परै अब पाला। बिरहा काल भएउ जड़काला ।।--- अब माघ का महीना शुरू हो गया है और अब पाला (बर्फ़ीली ओस/कोहरा) पड़ने लगा है। शीत ऋतु का यह कड़ाके का समय (जड़काला) मेरे लिए (नागमती) साक्षात काल (मृत्यु) के समान बन गया है।
••रूपक अलंकार•••
°°°“बिरहा काल भएउ जड़काला” — यहाँ शीत काल (जड़काला) पर ‘काल’ (मृत्यु) का आरोप है।
“बिरहा काल भएउ जड़काला” — यहाँ शीत काल (जड़काला) पर ‘काल’ (मृत्यु) का आरोप है।
★पहल पहल तन रुई जो झाँपै। हहलि हहलि अधिकौ हिय काँपै ।।---: ठंड से बचने के लिए शरीर पर जितनी अधिक रुई (रज़ाई/गद्देदार वस्त्र) ढकी जाती है, लेकिन विरह की ठंड के मारे हृदय उतना ही अधिक थर-थर (हहलि-हहलि) करके कांप उठता है।
★आई सूर होइ तपु रे नाहाँ। तेहि बिनु जाड़ न छूटै माहाँ ।। --- नागमती अपने प्रिय रत्नसेन के वियोग में कहती है कि हे स्वामी! अब सूर्य निकलकर अपनी गर्मी देने लगा है, फिर भी मेरे हृदय की ठंडक और विरह की पीड़ा दूर नहीं होती। इसलिए नागमती गुहार लगाते हुए कहती है कि हे नाथ! आप स्वयं सूर्य के समान ताप देने वाले बनकर मेरे पास आइए। आपके आने और आपके प्रेम की गर्मी प्राप्त हुए बिना मेरे लिए माघ महीने का यह भयंकर जाड़ा दूर नहीं हो सकता।
★एहि मास उपजै रस मूलू। तू सो भँवर मोर जोबन फूलू ।।--- इस (माघ) महीने में प्रकृति और वनस्पतियों में नए रस का संचार (मूल रूप से) होने लगता है। मेरा यह यौवन फूल के समान है और आप उसके भौंरे हो आपके बिना इस यौवन का कोई अर्थ नहीं है।
••रूपक अलंकार•••
°°°“तू सो भँवर मोर जोबन फूलू” — प्रियतम पर ‘भौंरे’ और यौवन पर ‘फूल’ का आरोप है।
★नैन चुवहिं जस माँहुट नीरू। तेहि जल अंग लाग सर चीरू ।।-- आगे नागमती कहती है कि हे प्रियतम मेरे आँखों से अश्रु (आँसू) इस तरह टपक रहे हैं जैसे माघ महीने की वर्षा (माहवट) का पानी गिर रहा हो। और वह अश्रु-जल जब मेरे शरीर पर पड़ता है, तो वह बाण (तीर) की तरह चुभते और ठंडे लगते हैं।
★टूटहिं बुंद परहिं जस ओला। बिरह पवन होइ मारें झोला ।।--- हे प्रियतम इस विरह के कारण उसकी आँखों से आँसू इस प्रकार लगातार गिर रहे हैं, मानो ओले टूट-टूटकर गिर रहे हों। और यह विरह की पीड़ा इतनी तीव्र है कि जो यह विरह की पवन/हवा के तेज झोंके है वह मुझे झकझोर रही है।
★केहिक सिंगार को पहिर पटोरा। गिय नहिं हार रही होइ डोरा ।।-- नागमती अपने पति रत्नसेन के वियोग में कहती है कि मेरे पति के बिना मैं किसके लिए श्रृंगार करूँ और किसके लिए सुंदर रेशमी वस्त्र (पटोरा) पहनूँ? प्रिय के वियोग में मेरा शरीर इतना सूखकर कमजोर और पतला हो गया है कि गले में पहनने के लिए हार भी नहीं ठहर सकता। मेरा शरीर धागे (डोरा) के समान बारीक हो गया है। इस प्रकार, नागमती प्रिय-वियोग के कारण अपने शरीर के क्षीण होने और श्रृंगार के प्रति उदासीनता को व्यक्त करती है।
••अतिशयोक्ति अलंकार•••
°°°"गिय नहिं हार रही होइ डोरा" — गर्दन और शरीर का सूखकर धागे जैसा पतला हो जाना।
★तुम्ह बिनु कंता धनि हरुई, तन तिनुवर भा डोल।– नागमती अपने पति रत्नसेन से कहती है कि हे प्रिय! आपके बिना मैं इतनी कमजोर और दुबली हो गई हूँ कि मेरा शरीर तिनके के समान हो गया है और हवा के झोंके से तिनके की तरह ये मेरा शरीर डोलता है। हे प्रिय आपके वियोग में मेरा शरीर और मन दोनों अत्यंत दुर्बल हो गए हैं।
••अतिशयोक्ति अलंकार•••
°°°“तन तिनुवर भा डोल... चहै उड़ावा झोल” — शरीर का तिनके जैसा हल्का होना और विरह का उसे राख बनाकर उड़ाना।
★तेहि पर बिरह जराइ कै, चहै उड़ावा झोल ।।---हे प्रिय आपके वियोग की यह कठोर अग्नि मुझे भीतर से जला रही है। और अब यह विरह-रूपी राक्षस मेरे पूरे शरीर को जलाकर राख कर देगा और उसकी राख को भी हवा में उड़ा देगा। इस प्रकार जायसी ने नागमती की अत्यंत तीव्र विरह-वेदना और असहाय अवस्था का मार्मिक चित्रण किया है।”
चतुर्थ पद (4) “बारहमासा” ( मालिक मुहम्मद जायसी Class 12th अंतरा )
प्रस्तावना-- फागुन माह का आगमन प्रकृति में बसंतोत्सव और नवजीवन लाता है। पेड़ अपने पुराने पत्ते झाड़कर नए पत्तों और फूलों से सजते हैं, और समाज में होली (फाग) का उल्लास होता है। परंतु पति से बिछुड़ी नागमती के लिए यह मौसम दोहरी पीड़ा लाता है—एक ओर तेज हवाओं से बढ़ती ठंड और दूसरी ओर संसार का आनंद, जो उसके विरह-दुख को दोगुना कर देता है। पद के अंत में नागमती के प्रेम और समर्पण की वह पराकाष्ठा दिखाई देती है जहाँ वह जलकर राख हो जाने और अपने प्रिय के चरणों की धूल बनने की इच्छा रखती है।
★फागुन पवन झकोरै बहा। चौगुन सीउ जाइ किमि सहा।।-- नागमती कहती है कि फागुन मास में तेज हवा झोंकों के साथ चल रही है। इस हवा के कारण ठंड का प्रभाव चार गुना बढ़ गया है। ऐसी बढ़ी हुई ठंड को मैं कैसे सहन करूँ? प्रिय रत्नसेन के वियोग में मेरा मन पहले ही दुखी है और फागुन की तेज ठंडी हवा मेरे विरह-दुःख को और बढ़ा रही है।
★तन जस पियर पात भा मोरा। बिरह न रहै पवन होइ झोरा।। -- आगे नागमती कहती है कि प्रिय के वियोग में मेरा शरीर पीले पत्ते के समान पीला और क्षीण हो गया है। फागुन की तेज हवा के झोंके चल रहे हैं, जिससे मेरी विरह-वेदना और भी बढ़ रही है। जिस प्रकार तेज हवा से पेड़ के पत्ते काँपते और झड़ते हैं, उसी प्रकार प्रिय-वियोग में मेरा शरीर और मन व्याकुल हो उठा है।
••उपमा अलंकार•••
°°°"तन जस पियर पात भा मोरा" — नागमती के शरीर की तुलना 'पीले पत्ते' (पियर पात) से की गई है ('जस' वाचक शब्द)।
••रूपक अलंकार•••
°°°“बिरह न रहै पवन होइ झोरा” — विरह पर ‘पवन के झोंके’ का रूपक बाँधा गया है।
★तरिवर झरै झरै बन ढाँखा। भइ अनपत्त फूल फर साखा।। -- नागमती कहती है कि फागुन की तेज हवा के कारण वृक्षों के पत्ते लगातार झड़ रहे हैं और वन की शाखाएँ पत्तों से रहित हो गई हैं। अब उन शाखाओं पर नए फूल और फल दिखाई देने लगे हैं। प्रकृति में वसंत का आगमन हो गया है और पेड़-पौधे नए रूप में सजने लगे हैं, लेकिन मेरे प्रिय के वियोग में यह प्राकृतिक सौंदर्य भी सुखद नहीं है।
★करिन्ह बनाफति कीन्ह हुलासू। मो कहँ भा जग दून उदासू।।-- नागमती कहती है कि फागुन के आगमन पर भँवरे प्रसन्न होकर फूलों पर मंडरा रहे हैं और पूरा वन उल्लास से भर गया है। चारों ओर प्रकृति में आनंद और उत्साह दिखाई दे रहा है। लेकिन प्रिय रत्नसेन के वियोग में मेरे लिए यही संसार दोगुना उदास हो गया है।
★फाग करहि सब चाँचरि जोरी। मोहिं जिय लाइ दीन्हि जसि होरी।। --- नागमती कहती है कि फागुन के अवसर पर सभी स्त्रियाँ और लोग जोड़ियाँ बनाकर फाग गा रहे हैं तथा चाँचरि नृत्य करते हुए होली का आनंद मना रहे हैं। चारों ओर उत्सव और उल्लास का वातावरण है। लेकिन प्रिय रत्नसेन के वियोग में मेरे लिए यह होली आनंद का नहीं, बल्कि दुःख का कारण बन गई है। ऐसा लगता है मानो विरह ने मेरे हृदय में ही होली की अग्नि सुलगा दी हो।
••उपमा अलंकार•••
°°°“मोहिं जिय लाइ दीन्हि जसि होरी” — विरह-वेदना की तुलना ‘होली की अग्नि’ से की गई है।
(चाँचरि (चाचरी) फागुन/होली के अवसर पर स्त्री-पुरुषों द्वारा समूह या जोड़ियों में किया जाने वाला लोकनृत्य है। एवं इसके साथ लोगगीत भी गाए जाते है।)
★जौं पै पियहि जरत अस भावा। जरत मरत मोहि रोस न आवा।। -- नागमती अपने प्रिय से कहती है कि यदि आपको मेरे इस प्रकार विरह में जलते रहना अच्छा लगता है, तो मैं। इसी तरह जलती-मरती रहूंगी,मुझे इसका कोई क्रोध या शिकायत नहीं है। अतः यहां नागमती का अपने प्रिय के प्रति प्रेम इतना गहरा है कि वह उनकी उपेक्षा और वियोग से मिलने वाले कष्ट को भी सहने के लिए तैयार है।
★रातिहु देवस इहै मन मोरें। लागौं कंत छार जेऊँ तोरें।। --- नागमती कहती है कि दिन-रात मेरे मन में यही भावना रहती है कि मैं अपने प्रिय के लिए पूर्ण रूप से समर्पित हो जाऊँ। और में यह चाहती हूं कि इस विरह की अग्नि में जलकर राख (छार) हो जाऊं ताकि मैं अपने प्रिय के काम आ सकूं। अतः नागमती के मन में प्रिय के प्रति इतना गहरा प्रेम और समर्पण है कि वह अपने अस्तित्व को भी प्रिय के लिए न्योछावर करने को तैयार है।
★यह तन जारौं छार कै, कहाँ कि पवन उड़ाउ। मकु तेहि मारग होइ परौं, कंत धरैं जहँ पाउ।। --- नागमती अपने गहरे विरह में कहती है कि काश मेरा यह शरीर जलकर राख हो जाए और हवा उस राख को उड़ाकर उस रास्ते पर बिखेर दे, जिस रास्ते से मेरे प्रिय पति गुजरते हैं। अतः नागमती की आंतरिक दिल से इच्छा है कि उसके प्रिय के चरण जहाँ पड़ें, वहाँ उसके अस्तित्व का अंतिम अंश—राख भी पहुँच जाए। इससे उसके मन में अपने पति के प्रति अत्यंत गहरा प्रेम, समर्पण और मिलन की तीव्र आकांक्षा प्रकट होती है।
••अतिशयोक्ति एवं उत्प्रेक्षा (दोहा में)•••
°°°"यह तन जारौं छार कै... मकु तेहि मारग होइ परौं, कंत धरैं जहँ पाउ।।"
कारण: विरह में शरीर को जलाकर राख करने और उस राख के हवा में उड़कर प्रिय के चरणों के नीचे गिरने की कल्पना में प्रेम की पराकाष्ठा का अत्यंत सुंदर और अतिशयोक्तिपूर्ण चित्रण है। ('मकु' शब्द उत्प्रेक्षा की संभावना भी जताता है)।
∆•••••• भाषा और काव्य-शिल्प•••••••∆
भाषा: शुद्ध एवं सहज ठेट अवधी (लोक-बोली)। जायसी ने अवधी के प्रामाणिक और ठेठ शब्दों का सटीक प्रयोग किया है (जैसे: सीउ, पियर, अनपत्त, बनाफति, हुलासू, रोस, छार, मकु)।
शैली: प्रबंध काव्य ‘पद्मावत’ के अंतर्गत कड़वक शैली (चौपाई छंद के बाद दोहा छंद) और बारहमासा विरह-वर्णन।
रस: वियोग (विप्रलंभ) श्रृंगार रस — इसमें नागमती के अनन्य प्रेम, आत्म-समर्पण और विरह की चरम स्थिति का मार्मिक चित्रण है।
गुण: माधुर्य एवं प्रसाद गुण।
शब्द-शक्ति: लक्षणा और व्यंजना (वृक्षों के निष्पत्र होने और प्रकृति के उल्लास से नागमती के अंतर्मन के दुख को लक्षित एवं व्यंजित किया गया है)।
Comments
Post a Comment