अलंकार
★परिभाषा- काव्य की शोभा बढ़ाने वाले तत्वों को अलंकार कहते है।
★ भेद अलंकार तीन प्रकार के होते हैं।
(1) शब्दालंकार
(2) अर्थालंकार
(3) उभयालंकार
1.अनुप्रास अलंकार -- काव्य/पंक्ति में जब एक ही वर्ण की आवृत्ति एक से अधिक बार हो, तब वहाँ अनुप्रास अलंकार होता है।
उदाहरण :-
चारु चंद्र की चंचल किरणें
→ ‘च’ वर्ण की बार-बार आवृत्ति — अनुप्रास अलंकार
तरनि तनूजा तट तमाल तरुवर बहु छाए।
→ ‘त’ वर्ण की आवृत्ति — अनुप्रास अलंकार
मुदित महीपति मंदिर आए।
→ ‘म’ वर्ण की आवृत्ति — अनुप्रास अलंकार
कंकन किंकिन नूपुर धुनि सुनि।
→ ‘क’ और ‘न’ वर्णों की आवृत्ति — अनुप्रास अलंकार
रघुपति राघव राजा राम।
→ ‘र’ वर्ण की आवृत्ति — अनुप्रास अलंकार
अनुप्रास अलंकार के सामान्यतः 5 भेद माने जाते हैं:
छेकानुप्रास
वृत्त्यानुप्रास
लाटानुप्रास
अन्त्यानुप्रास
श्रुत्यानुप्रास
1. छेकानुप्रास
परिभाषा: जहाँ किसी वर्ण या वर्ण-समूह की आवृत्ति एक बार होती है और वह आवृत्ति क्रम से आती है, वहाँ छेकानुप्रास होता है।
उदाहरण:
(“बंदऊँ गुरु पद पदुम परागा।”)
यहाँ ‘प’ वर्ण की आवृत्ति हुई है।
2. वृत्त्यानुप्रास
परिभाषा: जहाँ किसी एक वर्ण की एक से अधिक बार आवृत्ति होती है और उससे काव्य में सौंदर्य उत्पन्न होता है, वहाँ वृत्त्यानुप्रास होता है।
उदाहरण:
(“चारु चंद्र की चंचल किरणें।”)
यहाँ ‘च’ वर्ण की बार-बार आवृत्ति हुई है।
3. लाटानुप्रास
परिभाषा: जहाँ शब्द और अर्थ की पुनरावृत्ति होती है, लेकिन अन्वय या तात्पर्य में अंतर होने से अर्थ में अंतर उत्पन्न हो जाता है, वहाँ लाटानुप्रास होता है।
उदाहरण:
“तेरा दास हूँ, तेरा ही दास हूँ।”
(यहाँ शब्दों की पुनरावृत्ति के साथ तात्पर्य में अंतर माना जाता है।)
4. अन्त्यानुप्रास
परिभाषा: जहाँ काव्य की पंक्तियों या चरणों के अंत में समान वर्ण या वर्ण-समूह की आवृत्ति होती है, वहाँ अन्त्यानुप्रास होता है।
उदाहरण:
“हमको मन की शक्ति देना, मन विजय करें।
दूसरों की जय से पहले, खुद को जय करें।”
(यहाँ ‘करें’ की अंत में पुनरावृत्ति हो रही है।)
5. श्रुत्यानुप्रास
परिभाषा: जहाँ एक ही उच्चारण-स्थान से उच्चरित होने वाले वर्णों की बार-बार आवृत्ति होती है, वहाँ श्रुत्यानुप्रास होता है।
उदाहरण:
“तुलसीदास सीदति निसि दिन।”
(यहाँ समान उच्चारण-स्थान वाले वर्णों की आवृत्ति के कारण श्रुत्यानुप्रास माना जाता है।)
2 यमक अलंकार -- काव्य में जब कोई शब्द एक से अधिक बार (बार-बार) आता है और हर बार उसका अर्थ अलग होता है, तो वहाँ यमक अलंकार होता है।
उदाहरण:
"कनक कनक ते सौ गुनी, मादकता अधिकाय।"
"या खाए बौराय जग, वा पाए बौराय।"
- बिहारी
कवि बिहारी कहते हैं कि धन-दौलत (सोना) में धतूरे (नशीले फल) से भी सौ गुना ज़्यादा नशा होता है।क्योंकि धतूरे को तो खाने के बाद इंसान पागल (बौरा) होता है, लेकिन सोने (धन) को तो इंसान सिर्फ पाते ही (मिलते ही) घमंड में अंधा और पागल हो जाता है।
ऊँचे घोर मंदर के अंदर रहनवारी,
ऊँचे घोर मंदर के अंदर रहाती हैं।
कंद मूल भोग करैं, कंद मूल खाती हैं,
तीन बेर खाती थीं ते तीन बेर खाती हैं।
- कवि भूषण
छत्रपति शिवाजी महाराज के डर से भागकर जंगलों में भटक रही मुगल बेगमों की दुर्दशा का वर्णन करते हुए कवि भूषण कहते हैं—जो बेगमें पहले ऊँचे महलों में रहती थीं, वे अब ऊँचे पहाड़ों की गुफाओं में छिप रही हैं। जो महलों में स्वादिष्ट पकवान खाती थीं, वे अब जंगलों में पेड़ की जड़ें (कंद-मूल) चबा रही हैं। और जो दिन में तीन बार छप्पन भोग खाती थीं, उन्हें अब दिनभर में केवल तीन बेर के फल ही नसीब हो रहे हैं।
3 श्लेष अलंकार - जब काव्य में कोई शब्द एक ही बार प्रयोग किया गया हो, लेकिन प्रसंग के अनुसार उसके एक से अधिक (अनेक) अर्थ निकलते हों, तो वहाँ श्लेष अलंकार होता है।
उदाहरण:
"रहिमन पानी राखिए, बिनु पानी सब सून।
पानी गए न ऊबरे, मोती, मानुष, चून॥"
- रहीम (अब्दुल रहीम खान-ए-खाना)
स्पष्टीकरण: अंतिम पंक्ति में 'पानी' शब्द एक ही बार प्रयुक्त है, पर इसके तीन अर्थ हैं:
मोती के लिए चमक
मानुष के लिए इज्ज़त
चून (आटा) के लिए जल
"मेरी भव बाधा हरो, राधा नागरि सोइ।
जा तन की झाँई परै, स्यामु हरित-दुति होइ॥"
- बिहारी
स्पष्टीकरण:-
चतुर राधिका जी मेरे सांसारिक कष्टों (भव बाधा) को दूर करें, जिनके सुंदर गोरे शरीर की झाँईं (परछाई/झलक) पड़ने मात्र से श्री कृष्ण 'हरित दुति' (प्रसन्न/हरे-भरे) हो जाते हैं।
इसमें श्लेष अलंकार का चमत्कार:
यहाँ 'झाँईं', 'स्यामु' और 'हरित-दुति' शब्दों में श्लेष अलंकार है, क्योंकि प्रसंग के अनुसार इनके तीन अलग-अलग अर्थ निकलते हैं:
1. भक्ति और प्रेम के संदर्भ में:
झाँईं = झलक / परछाई
स्यामु = श्री कृष्ण
हरित-दुति = प्रसन्न / आनंदित होना
अर्थ: जिनकी एक झलक पाते ही श्री कृष्ण प्रसन्न और आनंदित हो जाते हैं।
2. ज्ञान और आध्यात्मिक संदर्भ में:
झाँईं = अज्ञान का प्रभाव
स्यामु = मन का पाप / कालापन
हरित-दुति = नष्ट होना / दूर होना
अर्थ: जिनकी कृपा की एक झलक से मन के सारे पाप और दुख नष्ट हो जाते हैं।
3. चित्रकला / रंग-विज्ञान के संदर्भ में:
झाँईं = पीला रंग (राधा जी का गौर वर्ण)
स्यामु = नीला/काला रंग (श्री कृष्ण का सांवला वर्ण)
हरित-दुति = हरा रंग
अर्थ: जैसे नीले रंग पर पीला रंग मिलाने से वह हरा रंग बन जाता है, वैसे ही सांवले कृष्ण पर राधा जी की सुनहरी आभा पड़ते ही वे दमक उठते हैं।
3.उपमा अलंकार - जब काव्य में किसी वस्तु या व्यक्ति की तुलना (समानता) किसी दूसरी प्रसिद्ध वस्तु या व्यक्ति से उसके गुण, रूप या स्वभाव के आधार पर की जाती है, तो वहाँ उपमा अलंकार होता है।
→'उपमा' का शाब्दिक अर्थ ही होता है — तुलना करना या समानता दर्शाना।
→वाचक शब्द (तुलना बताने वाले शब्द): जैसे — सा, सी, से, सम, समान, सरिस, जैसे, ज्यों आदि।
→उपमा अलंकार अर्थालंकार का एक बहुत ही सुंदर और प्रमुख प्रकार है।
उदाहरण:-
"पीपर पात सरिस मन डोला।"
व्याख्या: यहाँ मन की तुलना पीपल के पत्ते से की गई है। जैसे पीपल का पत्ता जरा सी हवा में हिलने लगता है, ठीक वैसे ही राजा दशरथ का मन भी चंचल होकर डोलने लगता है। जब से कैकई ने राम को वनवास भेजने की बात कही।(वाचक शब्द: सरिस)
मुख चन्द्र-सा सुन्दर है।"
व्याख्या: यहाँ सुंदर चेहरे की तुलना चाँद की सुंदरता से की गई है। (वाचक शब्द: सा)
4.रूपक अलंकार - जब काव्य में उपमेय (जिसकी तुलना की जाए) और उपमान (जिससे तुलना की जाए) के बीच के भेद को पूरी तरह समाप्त करके दोनों को एक ही (अभिन्न) मान लिया जाता है, तब वहाँ रूपक अलंकार होता है।
उदाहरण:-
"मैया मैं तो चन्द्र-खिलौना लैहों।"
व्याख्या: बाल कृष्ण माता यशोदा से चाँद के समान खिलौना नहीं माँग रहे, बल्कि वे चाँद को ही खिलौना बताकर उसे लेने की ज़िद कर रहे हैं।
चरन कमल बँदौ हरि राई।"
व्याख्या: यहाँ भगवान के चरणों पर कमल का सीधा आरोप किया गया है। यह नहीं कहा गया कि चरण 'कमल के समान' हैं, बल्कि चरणों को ही कमल मान लिया गया है।
"पाायो जी मैंने राम-रतन धन पायो।"
व्याख्या: मीराबाई कहती हैं कि उन्होंने राम नाम रूपी रत्न-धन पा लिया है। यहाँ राम-नाम पर ही रत्न और धन का सीधा अभेद आरोप है।
5.विभावना अलंकार - काव्य में जहाँ कारण के न होते हुए भी कार्य का होना वर्णित किया जाए, वहाँ विभावना अलंकार होता है।
उदाहरण: -
"बिनु पद चलै सुनै बिनु काना।
कर बिनु करम करै बिधि नाना॥
व्याख्या: - तुलसीदास जी ईश्वर की महिमा बताते हुए कहते हैं कि—
बिना पैर (कारण) के भी वह चलता है (कार्य)।
बिना कान के सुनता है, बिना हाथ के अनेक काम करता है।
"निंदक नियरे राखिए, आँगन कुटी छवाय।
बिनु पानी, साबुन बिना, निर्मल करे सुभाय॥"
व्याख्या:- कबीर जी कहते हैं कि जो व्यक्ति आपकी गलतियाँ बताता है या आपकी आलोचना (निंदा) करता है, उसे अपने से दूर भगाने के बजाय अपने सबसे करीब रखना चाहिए। यदि संभव हो तो उसे अपने घर के आँगन में ही कुटिया बनाकर दे देनी चाहिए, ताकि वह हर पल आपकी नज़र के सामने रहे।ऐसा आलोचक आपकी कमियों और कमज़ोरियों की ओर आपका ध्यान दिलाता रहता है। इससे आप अपनी गलतियों को सुधारते जाते हैं। इस प्रकार, वह व्यक्ति बिना पानी और बिना साबुन के ही आपके स्वभाव (चरित्र) की गंदगी को धोकर उसे निर्मल और पवित्र बना देता है।
→विभावनाअलंकार अर्थालंकार का एक मुख्य प्रकार है।
6. अतिशयोक्ति अलंकार - जब का व्य में किसी व्यक्ति, वस्तु या घटना का वर्णन लोक-सीमा (सामान्य मर्यादा) से बहुत अधिक बढ़ा-चढ़ाकर किया जाता है कि वह असंभव या अस्वाभाविक लगने लगे, तो वहाँ अतिशयोक्ति अलंकार होता है।
उदाहरण -
"हनुमान की पूँछ में लगन न पाई आग।
लंका सिगरी जल गई, गए निसाचर भाग॥"
- तुलसीदास
व्याख्या: यहाँ कवि ने कहा है कि हनुमान जी की पूँछ में अभी आग लग भी नहीं पाई थी (कारण) कि पूरी लंका जलकर राख हो गई और सारे राक्षस भाग गए (कार्य)। आग लगे बिना ही पूरी लंका का जल जाना लोक-सीमा से बहुत अधिक बढ़ा-चढ़ाकर किया गया वर्णन है
"आगे नदियाँ पड़ी अपार, घोड़ा कैसे उतरे पार।
राणा ने सोचा इस पार, तब तक चेतक था उस पार॥"
व्याख्या: महाराणा प्रताप अभी नदी किनारे खड़े होकर सोच ही रहे थे कि इतनी विशाल नदी को कैसे पार किया जाए, और उनके सोचने मात्र के समय में चेतक नदी के दूसरे पार पहुँच भी गया। सोचने की गति से भी तेज घोड़े का पार होना अतिशयोक्तिपूर्ण वर्णन है।
7. उत्प्रेक्षा अलंकार - जब काव्य में उपमेय को उपमान मान लेने की कल्पना या संभावना की जाए, तो वहाँ उत्प्रेक्षा अलंकार होता है।
उदाहरण:
"सोहत ओढ़े पीतु पटु, स्याम सलौने गात।
मनहुँ नीलमणि सैल पर, आतपु पर्यो प्रभात॥"
व्याख्या: श्री कृष्ण के सांवले शरीर पर पीले वस्त्र इतने सुंदर लग रहे हैं कि कवि बिहारी कल्पना करते हुए कहते हैं — 'मानो' नीलमणि पर्वत पर सुबह-सुबह सूर्य की पीली धूप पड़ रही हो। (यहाँ कृष्ण के शरीर में नीलमणि पर्वत की और पीतांबर में धूप की कल्पना की गई है।)
"उस काल मारे क्रोध के तन काँपने उनका लगा।
मानो हवा के जोर से सोता हुआ सागर जगा॥"
व्याख्या: अर्जुन के क्रोध से काँपते शरीर को देखकर ऐसी संभावना व्यक्त की गई है 'मानो' शांत पड़े समुद्र में हवा के झोंके से विशाल लहरें उठने लगी हों।
।
Comments
Post a Comment